कच्छ में भूकंप के झटके, तीन मिनट में दो बार कांपी धरती
गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर तीन मिनट के भीतर दो भूकंप के झटके महसूस किए गए. पहला झटका दोपहर 2:20 बजे आया जिसकी तीव्रता 3.6 थी, जबकि दूसरा 2:23 बजे आया जिसकी तीव्रता 3.2 मापी गई.
गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर तीन मिनट के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. पहला भूकंप दोपहर 2:20 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई. इसका केंद्र खावड़ा से 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था.
इसके ठीक तीन मिनट बाद, दोपहर 2:23 बजे दूसरा झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई. दूसरे भूकंप का केंद्र धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर में था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. कच्छ भूकंपीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं.
13 जुलाई को कांपी थी कश्मीर की धरती
बता दें कि अभी तीन दिन पहले ही जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में भी सोमवार आधी रात के बाद भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 दर्ज की गई थी. यह भूकंप रात करीब 2 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की
गहराई में था.
9 जुलाई को मराठवाड़ा में आया था भूकंप
इससे पहले 9 जुलाई को सुबह-सुबह महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे. नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में भूकंप के महसूस किए गए. झटके हल्की तीव्रता के थे, लेकिन लोग दाहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए. गत 27 जून को अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में 6.2 तीव्रता का
भूकंप आया था.
भूकंप का केंद्र पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में कालाफगान से करीब 81 किलोमीटर दूर, 36.442° उत्तरी अक्षांश और 70.672° पूर्वी देशांतर पर और धरती की सतह से 215किलोमीटर की गहराई में था.
भूकंप का केंद्र धरती की सतह से अत्यधिक गहराई में होने के कारण इसके झटके पाकिस्तान, भारत के उत्तरी हिस्से, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान समेत कई देशों में महसूस किए गए थे.









