
खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा क्षेत्र में एक नवजात बच्ची को 80 फुट गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया गया. कुएं से रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. बच्ची के माता-पिता की तलाश की जा रही है.
खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. पालपुर रोड पर 80 फुट गहरे सूखे कुएं में एक नवजात बच्ची को फेंक दिया गया. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूझबूझ और साहस से बच्ची की जान बचाई जा सकी. जानकारी के अनुसार, कुएं के पास से गुजर रहे राहगीरों को अचानक रोने की आवाज सुनाई दी. जब लोगों ने ध्यान दिया तो आवाज कुएं के अंदर से आ रही थी. लोगों ने झांककर देखा तो एक नवजात बच्ची कुएं के अंदर पड़ी हुई थी. इसके बाद तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई.
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया. रस्सियों और अन्य सामग्री की मदद से एक युवक को कुएं के अंदर उतारा गया. युवक ने सावधानी से बच्ची को उठाया और उसे तोलिए में लपेटकर अपने गले में बांधा. इसके बाद उसे सुरक्षित ऊपर लाया गया. राहत की बात यह रही कि बच्ची पूरी तरह से जीवित और स्वस्थ थी.









